बजाज फाइनेंस का मुनाफा पहली तिमाही में 28 प्रतिशत बढ़कर 6,081 करोड़ रुपये पर

Ads

बजाज फाइनेंस का मुनाफा पहली तिमाही में 28 प्रतिशत बढ़कर 6,081 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 07:51 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 07:51 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) बजाज फाइनेंस का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष (2026-27) की पहली अप्रैल-जून तिमाही में सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 6,081 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 4,765 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

बजाज फाइनेंस ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उसकी शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) 23 प्रतिशत बढ़कर 12,571 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 10,228 करोड़ रुपये थी।

समीक्षाधीन तिमाही में एनबीएफसी की कुल शुद्ध आय 22 प्रतिशत बढ़कर 15,224 करोड़ रुपये हो गई, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की जून तिमाही में यह 12,460 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को बताया कि समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कर्ज में हुआ नुकसान और प्रावधान 1,993 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 1,969 करोड़ रुपये था।

कंपनी की परिसंपत्ति की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है और 30 जून, 2026 तक सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (जीएनपीए) घटकर 0.96 प्रतिशत रह गईं, जो एक साल पहले 1.03 प्रतिशत थीं। इसी अवधि में शुद्ध एनपीए 0.50 प्रतिशत से घटकर 0.39 प्रतिशत हो गईं।

कंपनी की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) जून के अंत तक 24 प्रतिशत बढ़कर 5,46,944 करोड़ रुपये हो गईं, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 4,41,450 करोड़ रुपये थीं।

बीएसई में बजाज फाइनेंस का शेयर 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,056.05 रुपये पर बंद हुआ।

भाषा

यासिर अजय

अजय