जालौन (उप्र), नौ अप्रैल (भाषा) जालौन जिले के कोतवाली आटा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक स्कूली वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से पांच बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कोतवाली कालपी के प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि दोपहर लगभग एक बजे इटोरा अकबरपुर से एक स्कूली वाहन बच्चों को लेकर जा रहा था, उसी बीच लुहोर गांव के पास वह अनियंत्रित होकर पलट गया ।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने वाहन से बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में पांच बच्चों समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार अन्य बच्चों को भी हल्की चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कालपी के अस्पताल में किया गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गंभीर रूप से घायल बच्चों और स्कूल कर्मियों को उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
जिलाधिकारी ने डॉक्टरों को सभी घायलों का बेहतर और त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जायेगी और उसके निष्कर्ष के आधार पर विद्यालय एवं वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।
भाषा सं जफर
राजकुमार
राजकुमार