बांके बिहारी मंदिर में सेना के कैप्टन (सेवानिवृत्त) पर हमला करने वाला सेवायत गिरफ्तार

बांके बिहारी मंदिर में सेना के कैप्टन (सेवानिवृत्त) पर हमला करने वाला सेवायत गिरफ्तार

बांके बिहारी मंदिर में सेना के कैप्टन (सेवानिवृत्त) पर हमला करने वाला सेवायत गिरफ्तार
Modified Date: February 14, 2026 / 10:32 pm IST
Published Date: February 14, 2026 10:32 pm IST

मथुरा, 14 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के सेवायत ने शनिवार को दर्शन करने पहुंचे सेना के कैप्टन (सेवानिवृत्त) के सिर पर डण्डे से प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

थाना कोतवाली प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि आज गाजीपुर निवासी सेना के कैप्टन (सेवानिवृत्त) कुशेंद्र यादव (52) पत्नी और बच्चों के साथ वृंदावन में बिहारी जी के दर्शन करने के लिए पहुंचे थे।

उन्होंने कहा कि जब वे ठाकुर. राधावल्लभ मंदिर के निकट से होते हुए बिहारी जी के मंदिर की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने मंदिर के गोस्वामी और एक युवक के बीच झगड़ा होते हुए देखा। कैप्टन (सेवानिवृत्त) कुशेंद्र यादव ने उनके बीच हस्तक्षेप कर झगड़ा शांत करा दिया। उनका यह व्यवहार सेवायत गोस्वामी को नहीं भाया। नाराज होकर वह उन पर बेंत से प्रहार करने लगा।

पुलिस के अनुसार उसे उग्र होते देख पहले सेवानिवृत्त फौजी और फिर उनकी पत्नी ने बेंत पकड़ कर बांके बिहारी मंदिर के शयनभोग सेवायत मनोज गोस्वामी (60) को ऐसा करने से रोका, लेकिन उसने हाथ छुड़ाकर पुन: उनके सिर पर डण्डे बरसाना शुरू कर दिया। यहां तक कि वह सिर से खून बहने के बाद भी बेंत से प्रहार करता दिखा। कुछ राहगीरों ने भी उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना। तब तक किसी ने निकट ही स्थित बांके बिहारी पुलिस थाने में इसकी सूचना दे दी थी। इसलिए वहां से सिपाही आ गए और उसे पकड़ कर ले गए। यह पूरी घटना लोगों ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी, जिसमें बुजुर्ग सेवायत को सेवानिवृत्त फौजी पर बेंत बरसाते हुए देखा जा सकता है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित का उपचार कराकर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में