शाहजहांपुर (उप्र), 24 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक वर्षीय बच्ची के कथित यौन उत्पीड़न से संबंधित मामले में आरोपी के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किए जाने को लेकर लगे आरोपों की जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार को सौंपी गई है।
दीक्षित नेने कहा, ‘मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की होगी।’
पुलिस के अनुसार, घटना नौ जून को खुटार क्षेत्र के हरनाई गांव में हुई थी। पुलिस ने बताया कि नाबालिग बच्ची के पड़ोसी गुड्डू शर्मा ने कथित तौर पर उसके घर में घुसकर यौन उत्पीड़न किया।
शिकायत दर्ज होने के 12 घंटे के अंदर आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि शर्मा ने पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई थी, जिसके जवाब में की गई गोलीबारी में उसके दोनों पैरों में गोली लगी।
पुलिस ने यह भी कहा कि मुठभेड़ के बाद ग्रामीणों ने कथित तौर पर ग्राम प्रधान के उकसावे पर एक पुलिस चौकी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर पुलिस वाहन को पलटने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया गया।
इस घटना के संबंध में बाद में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुवायां से भाजपा के विधायक चेत राम ने कहा कि उन्होंने 18 जून को लखनऊ में पुलिस महानिदेशक से मुलाकात करके पुलिस मुठभेड़ तथा लाठीचार्ज, दोनों मामलों की जांच कराने की मांग करते हुए शिकायत सौंपी थी, क्योंकि इन दोनों घटनाओं को लेकर लोगों ने सवाल उठाए थे।
बच्ची की मां ने इससे पहले ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि उन पर और उनके परिवार पर मामला वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था और उनके घर का दरवाजा कथित तौर पर तोड़े जाने के बाद वे गांव छोड़कर रिश्तेदारों के यहां रहने चले गए थे।
उन्होंने कहा कि डर के कारण इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
परिवार के कथित तौर पर गांव छोड़ने के बारे में पूछे जाने पर विधायक चेत राम ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। विधायक ने कहा कि उन्होंने गांव का दौरा किया था, लेकिन किसी ने उन्हें इसके बारे में नहीं बताया था। भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब