सुलतानपुर (उप्र), 26 फ़रवरी (भाषा) सुलतानपुर जिले में कोतवाली देहात थानाक्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में दूसरी कक्षा की एक छात्रा के साथ अश्लील हरकत के आरोप में एक शिक्षामित्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि बुधवार देर रात मुकदमा दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की।
कोतवाली देहात के प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों ने शिक्षामित्र वत्सल प्रसाद मिश्रा पर छात्रा को कई बार अनुचित तरीके से स्पर्श करने का आरोप लगाया है।
छात्रा ने आरोप लगाया कि एक बार उसके गाल पर दांत से काटा गया था तथा 14 फरवरी को दोबारा ऐसा करने पर उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। उसके बाद परिवार में आक्रोश फैल गया।
थाना प्रभारी के मुताबिक छात्रा के पिता ने पहले भी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार त्रिपाठी से शिक्षा मित्र के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि 23 फरवरी को दोबारा लिखित शिकायत मिलने पर प्रधानाध्यापक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को पत्र भेजकर विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की।
यह मामला मीडिया में आने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस सक्रिय हुए।
खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ-दुबेपुर) राम तीरथ वर्मा ने विद्यालय पहुंचकर परिजनों और प्रधानाध्यापक के बयान दर्ज किए एवं अपनी रिपोर्ट भेजी।
धर्मवीर सिंह ने बतया कि अभिभावक की तहरीर पर आरोपी शिक्षामित्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार शिक्षामित्र वत्सल प्रसाद मिश्रा की कार्यशैली पहले भी सवालों के घेरे में रही है। इससे पूर्व मिली एक शिकायत पर बीएसए उपेंद्र गुप्ता ने जांच कराई थी, जिसमें उनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गई थीं। बीसीए ने 15 सितंबर 2025 को उसे चेतावनी नोटिस जारी किया था।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार