शाहजहांपुर में हादसे में घायल शिक्षामित्र की इलाज के दौरान मौत
शाहजहांपुर में हादसे में घायल शिक्षामित्र की इलाज के दौरान मौत
शाहजहांपुर (उप्र), 16 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक प्राथमिक विद्यालय के पुराने भवन को तोड़ने के दौरान खंभा गिरने से घायल हुए शिक्षामित्र की इलाज के दौरान मौत हो गयी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के कुबेरपुर गोटिया में स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र सुखराम कश्यप मंगलवार दोपहर पड़ोस में ही प्राथमिक विद्यालय के जर्जर हो चुके भवन के ध्वस्तीकरण कार्य का जायजा लेने गए थे तभी उन पर एक खंभा टूटकर गिर गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि बाद में उन्हें तत्काल इलाज के लिए बरेली ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। खंड शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले की जांच के लिए मौके पर भेजा है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर कहा कि सरकार शिक्षामित्र के परिजन को जीवन यापन के लिए समुचित मुआवजा दे।
उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र का बीमा भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
भाषा सं. सलीम गोला
गोला

Facebook


