सबकी समस्या का निस्तारण सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

सबकी समस्या का निस्तारण सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

सबकी समस्या का निस्तारण सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
Modified Date: July 16, 2023 / 06:10 pm IST
Published Date: July 16, 2023 6:10 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 16 जुलाई (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में 400 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि सबकी समस्या का निस्तारण करना उनकी प्राथमिकता है।

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में आदित्यनाथ ने एक-एक कर सभी लोगों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि वे समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करें।

आदित्यनाथ ने सभी फरियादियों को समस्या निस्तारण का भरोसा देते हुए कहा कि उनके रहते किसी की चिंता करने या परेशान होने की जरूरत नहीं है। सबकी समस्या पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाएगी।

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज में इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरी करके शासन को भेजें। इलाज के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज बाधित नहीं होगा।

भाषा सलीम दिलीप रंजन

रंजन


लेखक के बारे में