कुछ लोग आंबेडकर का नाम लेकर जोगेंद्र नाथ मंडल जैसा काम करना चाहते हैं : योगी आदित्यनाथ
कुछ लोग आंबेडकर का नाम लेकर जोगेंद्र नाथ मंडल जैसा काम करना चाहते हैं : योगी आदित्यनाथ
बिजनौर, 17 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि कुछ लोग बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का नाम लेकर जोगेंद्र नाथ मंडल जैसा काम करना चाहते हैं।
उन्होंने लोगों से देश को बांटने वाली प्रवृत्तियों से सतर्क रहने का आह्वान किया।
आदित्यनाथ ने बिजनौर में 1,003 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 76 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग फिर से आ गए हैं, जो जोगेंद्र नाथ मंडल बनना चाहते हैं। नाम बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का लेंगे और काम जोगेंद्र नाथ मंडल का करेंगे।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश आजादी के लिए संघर्ष कर रहा था, तब दो प्रमुख हस्तियां दलित समाज की आवाज बनकर सामने आईं। इनमें एक डॉ. भीमराव आंबेडकर थे और दूसरे जोगेंद्र नाथ मंडल, जो बाद में पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के करीबी सहयोगी बने तथा वहां कानून एवं श्रम मंत्री रहे।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘मैं देखता हूं कि जब दलितों पर अत्याचार होता है तो इनके मुंह पर फेवीकोल लग जाता है। लेकिन जब जाति के नाम पर हिंदुओं को आपस में लड़ाना होता है, तब ये दलितों को जाट, ब्राह्मण, गुर्जर, क्षत्रिय और वैश्य समाज के खिलाफ खड़ा कर सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने का प्रयास करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि सभी लोगों को देश को विभाजित करने वाली ऐसी प्रवृत्तियों से सतर्क और सावधान रहना होगा।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है और वह समाज को गुमराह कर अराजकता तथा गुंडागर्दी के बल पर गरीबों की आवाज दबाना चाहता है।
आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के समय आंबेडकर देश के कानून मंत्री बने, जबकि जोगेंद्र नाथ मंडल पाकिस्तान चले गए और वहां कानून मंत्री बने।
उन्होंने दावा किया कि देश के विभाजन के बाद पाकिस्तान में हिंदुओं का नरसंहार जारी रहा।
आदित्यनाथ ने कहा कि जब मंडल ने वहां के तत्कालीन प्रधानमंत्री से इसे रोकने का आग्रह किया तो उन्हें बताया गया कि पाकिस्तान एक इस्लामी राष्ट्र के रूप में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि अंततः मंडल को अपनी जान बचाकर भारत लौटना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश का विभाजन कांग्रेस के ‘पाप’ का परिणाम था, जबकि इसकी कीमत सिखों और बाद में बांग्लादेश से आने वाले लोगों को चुकानी पड़ी।
उन्होंने कहा, ‘‘आज बांग्लादेश में दलितों की हत्या होती है, तब भी इन लोगों के मुंह बंद हो जाते हैं।’’
किसानों का उल्लेख करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है’’ और सरकार ने गन्ने का मूल्य बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने बिजनौर के अपने पूर्व दौरों को याद करते हुए कहा, ‘‘मुझे कई बार बिजनौर आने का अवसर मिला है, लेकिन वर्ष 2017 से पहले मुख्यमंत्री यहां नहीं आते थे। कहा जाता था कि मुख्यमंत्रियों के लिए बिजनौर आना अपशकुन है।’’
भाषा
आनन्द रवि कांत

Facebook


