गोरखपुर में बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता की हत्या की

Ads

गोरखपुर में बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता की हत्या की

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 08:36 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 08:36 PM IST

गोरखपुर, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति की उसके 25 वर्षीय बेटे ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया गया है और अपराध के पीछे की मंशा का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, जंगल अयोध्या प्रसाद गांव निवासी ब्रह्मदेव कनौजिया (55) बुधवार रात भोजन करने के बाद घर के बाहर खाट पर सोने चला गया। उसने बताया कि रात करीब ढाई बजे कनौजिया के छोटे बेटे गोलू ने एक कुल्हाड़ी से अपने पिता पर कथित तौर पर कई बार वार किया।

पुलिस के अनुसार, गोलू ने कनौजिया के सिर और गर्दन पर कथित तौर पर सात से आठ बार प्रहार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उसने बताया कि पुलिस को रात करीब तीन बजे घटना की सूचना मिली।

ग्रामीणों ने बताया कि गोलू के जिस महिला के साथ संबंध थे, उसका विवाह किसी और से हो गया था, जिसे लेकर गोलू व्यथित था। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में उसका व्यवहार आक्रामक हो गया था।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि गोलू पिछले सात-आठ वर्षों से मानसिक रोग से ग्रस्त था और उसका इलाज कराया जा रहा था। उन्होंने बताया कि छह महीने पहले मां का निधन होने के बाद गोलू का व्यवहार और खराब हो गया था।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि कुमार सिंह ने कहा कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अस्पष्ट है। उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस सभी कोण से मामले की जांच कर रही है।

भाषा

सं राजेंद्र पारुल

पारुल