गोरखपुर, 15 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक युवक की उसके चचेरे भाई और अन्य साथियों द्वारा कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतक के चचेरे भाई सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
बनगांवा गांव निवासी विजय पाल (28) बेंगलुरु में पेंटर का काम करता था और लगभग एक सप्ताह पहले ही घर लौटा था।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात गांव में एक बारात निकल रही थी। इसी दौरान विजय का चचेरा भाई विनय उसके पास आया और उसे समारोह में साथ चलने के लिए कहा।
परिजनों के अनुसार, विनय और उसके साथी विजय को गांव के बाहरी इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर ले गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर उसे शराब पिलाई और बाद में चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, कई बार चाकू लगने के बावजूद विजय किसी तरह वहां से भागकर निकटवर्ती सड़क तक पहुंच गया और शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल और फिर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि हत्या की वजह विनय की मौसी से विजय की लगातार बातचीत थी, जिसे लेकर आरोपियों को दोनों के बीच कथित अवैध संबंध होने का संदेह था।
पुलिस के अनुसार, विनय और उसकी मौसी का बेटा इस बातचीत से परिचित थे और उन्होंने कथित तौर पर विजय की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) योगेंद्र सिंह ने बताया कि विनय, उसकी मौसी के बेटे सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत