हरदोई, 28 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के एक गांव में बिना अनुमति गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद हो गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि लोगों को समझाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम और पुलिस दल पर पथराव किया गया, जिसमें कई कर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
जिलाधिकारी (डीएम) अनुनय झा ने बताया कि कोतवाली बेनीगंज के महुआकोला गांव के पुत्ती लाल मौर्य अपने 25 साथियों के साथ प्रशासन की अनुमति के बिना प्रतिमा स्थापित कर रहे थे, जिसका स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया।
झा के मुताबिक, राजस्व विभाग की टीम और पुलिस दल ने बुधवार सुबह मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पूर्वाह्न 11 बजे से रात 10 बजे तक बातचीत चलती रही, जिस दौरान गांव के लोगों के अलावा लखनऊ से आए बौद्ध धर्म के तीन अनुयायी और अन्य तत्व भी मौजूद थे।
झा के अनुसार, रात में भीड़ अचानक उग्र हो गई और टीम पर पथराव कर दिया। उन्होंने बताया कि भीड़ को उग्र होता देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
झा ने बताया कि पथराव में एक पुलिसकर्मी और एक महिला आरक्षी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम संडीला नारायणी भाटिया और पुलिस क्षेत्राधिकारी हरियावां अजीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। देर रात पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक मीणा और जिलाधिकारी अनुनय झा भी गांव पहुंचे।
झा ने बताया कि घटना में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और अन्य आरोपियों को चिह्नित कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा
सं आनन्द मनीषा पारुल
पारुल