हरदोई में मक्खियों की समस्या के खिलाफ धरना दे रहे ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Ads

हरदोई में मक्खियों की समस्या के खिलाफ धरना दे रहे ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 11:01 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 11:01 PM IST

हरदोई (उप्र), सात अगस्त (भाषा) हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के पिपरी नारायणपुर स्थित अंडा फैक्टरी से उत्पन्न मक्खियों की समस्या को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ फैक्टरी के मुंशी और दो पुलिस उप निरीक्षकों ने 24 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करवाई हैं।

अतरौली क्षेत्र के पिपरी नारायणपुर स्थित अंडा फैक्टरी की वजह से मक्खियों से परेशान ग्रामीणों ने करीब 12 दिन पहले अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। इस मामले में फैक्टरी के मुंशी राघवेंद्र सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि तीन अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति फैक्टरी परिसर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दी।

वहीं, छह अगस्त को फैक्टरी के बाहर विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस उप निरीक्षकों द्वारा दो प्राथमिकियां दर्ज कराई गईं।

पुलिस का आरोप है कि समझाने के बावजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी जारी रखी, सरकारी कार्य में बाधा डाली और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी।

उपनिरीक्षक रवि कुमार की तहरीर पर किसान नेता रफीक लंबू समेत कई प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई, जबकि उपनिरीक्षक संतोष कुमार की तहरीर पर कई अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

फैक्टरी मालिक प्रीतिंदर वालिया ने भी थाने में तहरीर देकर सात लोगों पर प्रति माह धन उगाही करने, फैक्टरी में तोड़फोड़ कराने की धमकी देने और रंगदारी वसूलने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

हन्नीखेड़ा चौराहे पर मक्खियों की समस्या के विरोध में अनिश्चितकालीन धरने में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अंशु अवस्थी शामिल हुए और उन्होंने सरकार से मामले में कार्रवाई की मांग की।

भाषा सं राजेंद्र शफीक

शफीक