हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 20 मार्च (भाषा) हिमाचल के हमीरपुर जिले में कुछ हिस्सों में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर से बढ़ गया है। पिछले तीन दिनों में एक स्कूली छात्रा सहित सुजानपुर टीरा तथा हमीरपुर कस्बे में कम से कम 10 लोगों को कुत्तों ने काट लिया है।
हमीरपुर नगर निगम के वार्ड नंबर पांच में बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे एक आवारा कुत्ते ने स्कूल जा रही नौ वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
वहीं, सुजानपुर बाजार क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते ने कथित तौर पर पिछले तीन दिनों के भीतर नौ लोगों को काट लिया, जिनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस घटना के बावजूद नगर निगम के कर्मचारी अब तक कुत्ते को नहीं पकड़ पाए।
कुत्ते ने सुजानपुर किले के पास मुख्य बाजार क्षेत्र के ऐतिहासिक चौगान में तीन लोगों को, नगर परिषद के वार्ड नंबर तीन में चार लोगों को और वार्ड नंबर एक में दो लोगों को काटा।
अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों को सुजानपुर अस्पताल में रेबीज रोधी टीके लगाए गए हैं।
इससे लगभग पांच महीने पहले भी सुजानपुर बाजार में एक घंटे के भीतर एक आवारा कुत्ते ने 28 लोगों को काटकर घायल कर दिया था जिसके बाद नगर परिषद ने कुत्ता टीकाकरण अभियान शुरू किया था।
हालांकि, टीकों के खत्म होने के कारण यह अभियान एक सप्ताह बाद ही बंद हो गया।
इस स्थिति से परेशान होकर बृज नगर के निवासियों ने नगर आयुक्त राकेश कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
नगर आयुक्त ने कहा कि आक्रामक कुत्तों को कहीं और स्थानांतरित किया जाएगा ताकि निवासियों को परेशानी न हो।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश