कुशीनगर में महायज्ञ के बैनर को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के बाद तनाव

कुशीनगर में महायज्ञ के बैनर को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के बाद तनाव

कुशीनगर में महायज्ञ के बैनर को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के बाद तनाव
Modified Date: June 10, 2026 / 11:21 pm IST
Published Date: June 10, 2026 11:21 pm IST

कुशीनगर (उप्र), 10 जून (भाषा) कुशीनगर जिले के एक गांव में महायज्ञ से जुड़े एक बैनर को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति है और एहतियात के तौर पर पुलिस तथा प्रादेशिक सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) के जवान तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, समउर-फाजिलनगर मार्ग पर मंगुरी पट्टी गांव में अपने मकान में किराना दुकान संचालित करने वाले रामभजन गिरि (56) ने बिहार बुजुर्ग गांव के टोला दीप राय में आयोजित किए जा रहे महायज्ञ के जानकारी देने के लिए लाउडस्पीकर लगाया हुआ था और पास स्थित एक बिजली के खंभे पर कथावाचिका से संबंधित बैनर लगा हुआ था।

उन्होंने बताया कि मंगलवार रात कुछ युवक उक्त बैनर को फाड़ने लगे जिसका रामभजन गिरि ने विरोध किया। उन्होंने बताया कि इसको लेकर विवाद बढ़ गया और कहासुनी के बाद हुई धक्का-मुक्की और मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोग उन्हें समउर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मौके पर तमकुहीराज और पटहेरवा थानों की पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। बाद में चौराखास थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने भी देर रात घटनास्थल का दौरा किया। अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं, दूसरे पक्ष के कुछ लोगों का दावा है कि रामभजन गिरि की मौत करंट लगने से हुई है।

फिलहाल बिहार बुजुर्ग और मंगुरी पट्टी गांव में तनाव बना हुआ है। पुलिस ने दोनों गांवों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

तमकुहीराज थाना प्रभारी गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस बल मौके पर तैनात है।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं राजेंद्र खारी

खारी


लेखक के बारे में