कुशीनगर (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के चौराखास थाना क्षेत्र के सरैया महंथ पट्टी गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव खेत में मिला। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने गांव में ही तिलक समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, सुबोध गुप्ता (26) पुत्र लखीचंद गुप्ता रविवार को गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होने गया था। देर रात डीजे पर नाचने को लेकर विवाद हो गया और मारपीट में युवक घायल हो गया। डीजे संचालक ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी।
बताया जा रहा है कि घटना सोमवार को तड़के करीब तीन बजे की है। सूचना पर पिता मौके पर पहुंचे और सुबोध को समझाकर घर चले गए।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह सुबोध का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर पश्चिम खेत में मिला। ग्रामीणों ने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
चौराखास के थानाध्यक्ष दिनेश साहनी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है।
उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साहनी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं आनन्द मनीषा रंजन
रंजन