हमने शोहदों को ठीक किया, जो बोली से नहीं माना वो गोली से जरूर मान गया: मुख्यमंत्री

Ads

हमने शोहदों को ठीक किया, जो बोली से नहीं माना वो गोली से जरूर मान गया: मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 04:08 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 04:08 PM IST

कुशीनगर (उप्र), दो जून (भाषा) उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार ने शोहदों को ठीक किया है और जो बोली से नहीं माना वो गोली से जरूर मान गया।

अपराधियों और असामाजिक तत्वों का जिक्र करते हुए उन्होंने यहां कहा, ‘‘हमने इन ‘शोहदे’ (उपद्रवियों) को ठीक कर दिया है। जो नहीं सुधरे, जिन्होंने बातों से नहीं सुनी, उन्होंने आखिरकार गोलियों की बात सुनी।’’

मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘पहले की सरकारों ने उत्तर प्रदेश को ‘कट्टा’ (देशी पिस्तौल) और बमों के लिए जाना था। आज वही उत्तर प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइलें बना रहा है।’’

एक बयान के मुताबिक मंगलवार को यहां 424 करोड़ रुपये की 278 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर अब पिछड़ेपन की पहचान नहीं, बल्कि बुलेट स्पीड से आगे बढ़ते नए उत्तर प्रदेश का प्रतीक बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम के पुत्र कुश, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की तपोभूमि कुशीनगर आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने कहा कि 9-10 वर्ष पहले यह जनपद पहचान के संकट, इंसेफेलाइटिस, माफिया राज, भूख, बेरोजगारी और अव्यवस्था से जूझ रहा था, खनन माफिया का आतंक था, किसान शोषण का शिकार था, उपज का उचित मूल्य नहीं मिलता था, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाएं बदहाल थीं तथा फाजिलनगर व कसया क्षेत्र में मुसहर समुदाय के लोगों की भूख से मौत की खबरें आती थीं।

उन्होंने कहा कि लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नया रास्ता चुना और ‘डबल इंजन’ सरकार के प्रयासों से कुशीनगर की तस्वीर बदल गई तथा आज जिले में लगभग 90 हजार गरीबों को आवास, 3.14 लाख से अधिक परिवारों को शौचालय, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा सहित अनेक जनकल्याणकारी सुविधाएं मिल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस कुशीनगर में कभी मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और हवाईअड्डे की कल्पना तक नहीं की जा सकती थी, आज वहां अपना मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसी सुविधाएं साकार रूप ले चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इसी सत्र से कृषि विश्वविद्यालय का संचालन शुरू होगा और बच्चों का प्रवेश कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ने का मूल्य 315 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है तथा भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इंसेफेलाइटिस लगभग समाप्त हो चुकी है, ठीक वैसे ही जैसे उत्तर प्रदेश से माफिया राज समाप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 498 वर्ष पूर्व भगवान राम की जन्मभूमि पर विदेशी आक्रांता द्वारा मंदिर ध्वस्त किए जाने के बाद अनेक पीढ़ियां इसके पुनर्निर्माण के लिए संघर्ष करती रहीं, लेकिन राम मंदिर निर्माण को वास्तविक गति ‘डबल इंजन’ की भाजपा सरकार के कार्यकाल में मिली।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आजादी के बाद चाहती तो राम मंदिर बना सकती थी, लेकिन उसने नहीं बनने दिया।

योगी ने समाजवादी पार्टी को रामद्रोही करार देते हुए कहा कि ये लोग लगातार बाधाएं खड़ी करते रहे, लेकिन हमारा संकल्प अटूट था, आज अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन चुका है ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर कभी पिछड़ा नहीं था, बल्कि पिछली सरकारों की विकृत नीतियों ने इसे बीमारी, भुखमरी और बेरोजगारी के संकट में धकेल दिया था, अब यह जनपद विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा आधुनिक बुनियादी ढांचे के बल पर बुलेट स्पीड से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक एवं टूल किट वितरित किए।

ग्राम विकास विभाग की मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत संध्या देवी एवं प्रियंका को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ‘कॉक्लियर इम्प्लांट’ योजना के तहत कुमारी श्रेया शर्मा एवं कुमारी कृति को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

भाषा जफर

राजकुमार

राजकुमार