अभ्यर्थी की जगह टीजीटी परीक्षा देता व्यक्ति पकड़ा गया
अभ्यर्थी की जगह टीजीटी परीक्षा देता व्यक्ति पकड़ा गया
बरेली, तीन जून (भाषा) बरेली में बुधवार को एक परीक्षा केंद्र पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) की प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा में एक अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देते व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ा गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी की पहचान आजमगढ़ निवासी प्रमोद कुमार के रूप में हुई है और वह फर्रुखाबाद के विमल कुमार की जगह परीक्षा दे रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, यह धोखाधड़ी तब सामने आई, जब शहर कोतवाली क्षेत्र में इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने के बाद अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया की गई।
नगर मजिस्ट्रेट आरके वर्मा ने बताया कि नियमित जांच पड़ताल के दौरान अधिकारियों की एक टीम को प्रमोद के व्यवहार पर शक हुआ।
उन्होंने बताया कि प्रमोद के आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और बायोमेट्रिक विवरण की विस्तृत जांच से पता चला कि वह किसी अन्य अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा था।
वर्मा ने कहा, “आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया और आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।”
पुलिस के मुताबिक, प्रमोद ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने विमल की जगह परीक्षा देने के लिए डेढ़ लाख रुपये में सौदा किया था।
वर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान प्रमोद ने अधिकारियों को बताया कि उसे कुछ रकम पहले ही मिल चुकी थी और बाकी की धनराशि परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद मिलनी थी।
वर्मा के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वर्मा ने बताया कि असली अभ्यर्थी विमल का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास भी जारी हैं।
बरेली में टीजीटी परीक्षा बुधवार को 20 केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसमें 32,365 अभ्यर्थी शामिल हुए।
भाषा
सं सलीम पारुल
पारुल

Facebook


