लापता हुई लड़की की तलाश के लिये पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया

लापता हुई लड़की की तलाश के लिये पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया

लापता हुई लड़की की तलाश के लिये पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया
Modified Date: June 19, 2026 / 09:14 pm IST
Published Date: June 19, 2026 9:14 pm IST

अलीगढ़ (उप्र), 19 जून (भाषा) अलीगढ़ जिले के एक गांव से इस माह के आरंभ में लापता हुई 16 वर्षीय एक लड़की का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है और पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इगलास थानाक्षेत्र के एक गांव की यह लड़की कथित तौर पर सात जून को लापता हो गई थी जिसके बाद उसके परिवार ने 13 जून को छह लोगों के खिलाफ उसके अपहरण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर भाजपा सांसद सतीश गौतम और लड़की के दादा के बीच कथित तौर पर टेलीफोन पर बातचीत का एक ‘ऑडियो क्लिप’ प्रसारित होने के बाद मामले ने राजनीतिक मोड़ ले लिया।

कथित बातचीत में सांसद कथित तौर पर शिकायतकर्ता से नामजद प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर सवाल करते हुए सुने जा रहे हैं।

‘ऑडियो क्लिप’ में गौतम कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, ‘‘आपने नामजद प्राथमिकी क्यों दर्ज कराई?’’

इस ‘क्लिप’ के मुताबिक, गौतम पीड़ित परिवार से कहते हैं कि लड़की वापस कर दी जाएगी लेकिन उन्हें स्थानीय गांव की राजनीति में शामिल न होने की सलाह देते हैं।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शुरुआत में उसे कुछ लोगों ने गुमराह किया था, जिन्होंने उसे लड़की की बरामदगी के बारे में झूठी उम्मीदें दीं, उसके बाद उसने संदिग्धों के नाम पर प्राथमिकी दर्ज करने का फैसला किया।

इस बीच, भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह ने आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि गौतम को उनके राजनीतिक विरोधियों द्वारा जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सांसद ने शिकायतकर्ता को केवल सलाह दी थी और खुद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से लड़की की बरामदगी सुनिश्चित करने एवं दोषियों को गिरफ्तार करने का अनुरोध किया था।

सिंह ने दावा किया कि यह विवाद गांव स्तर की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से उपजा है और सांसद को अनावश्यक रूप से इस मामले में घसीटा जा रहा है।

इगलास के पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने लड़की का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है।

अधिकारी ने कहा, ‘हम कुछ महत्वपूर्ण सुरागों पर काम कर रहे हैं और जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है।’

भाषा सं जफर राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में