जालौन (उप्र), 20 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के रामपुरा क्षेत्र में सोमवार की शाम हुई एक सनसनीखेज घटना में अनाज के बंटवारे को लेकर एक व्यक्ति ने अपने भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद भाग रहे आरोपी को उसके पिता और दूसरे भाई ने लाठी—डंडों से पीट—पीट कर मार डाला।
अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि सोमवार को शाम लगभग छह बजे रामपुरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुरा जागीर गांव के निवासी जयनारायण चतुर्वेदी के तीन पुत्रों कैलाश (45), जितेंद्र उर्फ अल्लू (33) और गुड्डू (26) के बीच गांव के बाहर खेत में अनाज के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया।
उन्होंने बताया कि विवाद इतना बढ़ा कि जितेंद्र ने कैलाश को तमंचे से गोली मार दी जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
सोनी ने बताया कि इस घटना को देखकर पिता जयनारायण एवं सबसे छोटे पुत्र गुड्डू ने हत्या करके भाग रहे जितेंद्र को पकड़ लिया और लाठी डंडे से पीट—पीट कर मार डाला।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये।
सोनी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पिता जय नारायण चतुर्वेदी एवं पुत्र गुड्डू को हिरासत में ले लिया है।
भाषा सं. सलीम
रंजन
रंजन