राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी अक्षम्य, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई : अनुप्रिया पटेल
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी अक्षम्य, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई : अनुप्रिया पटेल
सुलतानपुर, 15 जून (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि इसमें शामिल लोगों को क्षमा नहीं किया जा सकता और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए।
सुलतानपुर नगर स्थित पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित कार्यकर्ता समागम में शामिल होने पहुंचीं पटेल ने संवाददाताओं से कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और वहां चोरी की घटना बेहद गंभीर मामला है।
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े सवाल पर अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष पटेल ने कहा, ‘‘यह प्रकरण बहुत गंभीर है। राज्य सरकार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है। हमारी पार्टी की मांग है कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। मंदिर के साथ देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। ऐसे पावन स्थल पर चोरी की घटना पूरी तरह अक्षम्य है।’’
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणियों के मुद्दे पर पटेल ने सभी राजनीतिक दलों को मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े हो सकते हैं, लेकिन हमारी लड़ाई वैचारिक होनी चाहिए। राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला केवल विचारों के स्तर पर होना चाहिए। किसी का भी परिवार, बच्चा या बेटी हो, हम सब एक समाज और परिवार का हिस्सा हैं।’’
पटेल ने कहा कि देश या प्रदेश के किसी भी परिवार की बेटी के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्र या अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।
पटेल ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि समाज की हर बेटी हमारी अपनी बेटी है और उसे राजनीतिक खींचतान का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।
जातीय जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश में जातीय जनगणना की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘1931 के बाद पहली बार विभिन्न जातीय समुदायों की वास्तविक संख्या के आधिकारिक आंकड़े सरकार के पास उपलब्ध होंगे। इन आंकड़ों के आधार पर सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े समुदायों के विकास के लिए नीतियां अधिक प्रभावी ढंग से बनाई जा सकेंगी।’’
सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर पटेल ने कहा कि यह कोई नया राजनीतिक प्रयोग नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा पहले भी हो चुका है और जनता इसके परिणाम देख चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में यह गठबंधन एक बार फिर बुरी तरह पराजित होगा।’’
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


