बांध के पानी में डूबने से तीन दोस्तों की मौत, शव दो दिन बाद बरामद
बांध के पानी में डूबने से तीन दोस्तों की मौत, शव दो दिन बाद बरामद
झांसी, 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में सुकुवा-ढुकुआ बांध में नहाते समय कथित तौर पर गहरे पानी में डूबे तीन दोस्तों के शव दो दिन बाद मंगलवार सुबह बरामद हुए।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रीति सिंह ने बताया कि तीनों युवक दो दिन पहले मोटरसाइकिल से घूमने निकले थे। उनके घर नहीं लौटने पर परिजन ने सीपरी बाजार और प्रेमनगर पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह बांध के पानी में तीन शव दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल के दौरान घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल, कुछ कपड़े और दो मोबाइल फोन बरामद किए।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक नहाते समय बांध के गहरे पानी में डूब गए।
सिंह के मुताबिक, मृतकों की पहचान सीपरी बाजार के पेंच मोहल्ला निवासी राज (22), रितेश (21) और नीरज (20) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
सं. सलीम पारुल
पारुल

Facebook


