बरेली में सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

बरेली में सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

बरेली में सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
Modified Date: February 22, 2026 / 10:55 pm IST
Published Date: February 22, 2026 10:55 pm IST

बरेली (उप्र), 22 फरवरी (भाषा) बरेली जिले के किला थाना क्षेत्र में दिल्ली-बरेली मार्ग पर रविवार को एक सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंजनी कुमार ने बताया कि सभी लोग बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वे कार से घर लौट रहे थे, तभी यह भीषण सड़क हादसा हुआ।

उन्होंने बताया कि सुभाषनगर में अपनी बुआ के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया रामपुर निवासी गोविंद कार चला रहा था, जब वे स्वाले नगर पहुंचे तो सामने एक गड्ढा दिखाई दिया और गड्ढे से बचने की कोशिश में कार एक पेड़ से टकरा गई जिससे मुरादाबाद निवासी रामगुलाम (75), रामपुर निवासी खेमकरण (58) और गोविंद की पत्नी मोनी (28) की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार गोविंद (32), राम बहादुर और गोविंद का दो वर्षीय बेटा ज्ञानदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शवों को परिजनों को सौंप दिया। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं आनन्द शोभना

शोभना


लेखक के बारे में