पीलीभीत, एक मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश में पीलीभीत बाघ अभयारण्य की माला रेंज में शनिवार रात एक वयस्क नर बाघ मृत अवस्था में पाया गया। वन विभाग ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
बाघ का शव मिलने की सूचना पर प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) भरत कुमार डीके अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। डीएफओ ने बताया कि महोफ और माला रेंज के बीच एक वॉच टावर के पास बाघ मृत मिला।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बरेली से मुख्य वन संरक्षक ने देर रात करीब दो बजे घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा वन विभाग के क्षेत्र निदेशक और अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक भी पूरे प्रकरण की निगरानी कर रहे हैं।
डीएफओ ने बताया कि बाघ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), बरेली भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
प्रारंभिक जांच में बाघ के शरीर पर किसी बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। डीएफओ के अनुसार, सामान्यतः बाघों की मृत्यु आपसी संघर्ष या शिकार के कारण होती है, लेकिन शरीर पर घाव न मिलने से वन विभाग इस मामले को संदिग्ध मान रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ के नोडल अधिकारी भी घटनास्थल का दौरा करेंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में किसी संभावित चूक की जांच की जा सके।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत