अजय राय को हिरासत में लेने का आरोप, पत्नी बोलीं-परिवार को नहीं दी गई ठिकाने की जानकारी

Ads

अजय राय को हिरासत में लेने का आरोप, पत्नी बोलीं-परिवार को नहीं दी गई ठिकाने की जानकारी

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 11:15 AM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 11:15 AM IST

वाराणसी (उप्र), 30 जून (भाषा) कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने आरोप लगाया है कि राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन का मुद्दा उठाने अयोध्या गए उनके पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और परिवार को उनके ठिकाने की कोई जानकारी नहीं दी गई है।

सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे अजय राय के आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर रीना राय का एक वीडियो बयान साझा किया गया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया, “मेरे पति की आवाज दबाने के लिए भाजपा सरकार किसी भी हद तक गिरने को तैयार है।”

उन्होंने कहा, “पुलिस जीप में ले जाने के बाद अब हमारे सहयोगियों को गलत जानकारियां देकर भटकाया जा रहा है।”

रीना राय ने कहा, “हमारी लड़ाई ‘चढ़ावा चोरों’ के खिलाफ जारी रहेगी। अगर मेरे पति को कुछ भी होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी इस अधर्मी भाजपा सरकार की होगी।”

वीडियो बयान में रीना राय ने कहा कि अजय राय राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन का मुद्दा उठाने अयोध्या गए थे जहां उन्हें अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ राम मंदिर में पूजा-अर्चना भी करनी थी।

उन्होंने कहा, “जब वह अयोध्या के एक होटल में ठहरे थे, तभी उन्हें हिरासत में ले लिया गया। हमें यह नहीं बताया गया कि उन्हें कहां ले जाया गया है। परिवार चिंतित है और हमें उनकी सुरक्षा की फिक्र है।”

उन्होंने अजय राय की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।

कांग्रेस ने इससे पहले कहा था कि सोमवार शाम अयोध्या के एक होटल में अजय राय को नजरबंद कर दिया गया।

पार्टी ने घोषणा की थी कि राय के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या जाकर राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेगा। यह दौरा मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रस्तावित था।

इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमन सिंह और तनुज पूनिया समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होने वाले थे।

भाषा सं आनन्द वैभव खारी

खारी