उप्र: छात्रावास के कमरे में मृत पाया गया कनिष्ठ चिकित्सक

Ads

उप्र: छात्रावास के कमरे में मृत पाया गया कनिष्ठ चिकित्सक

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 05:39 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 05:39 PM IST

वाराणसी, 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में एक कनिष्ठ चिकित्सक यहां सुश्रुत छात्रावास स्थित अपने कमरे में मृत पाया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मौत का प्रारंभिक कारण एनेस्थीसिया की दवा का अत्यधिक सेवन प्रतीत होता है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ऋत्विक के रूप में हुई है, जो एनेस्थिसियोलॉजी विभाग में तैनात कनिष्ठ चिकित्सक और एमडी प्रथम वर्ष का छात्र था।

वह पश्चिम बंगाल का निवासी था और विश्वविद्यालय परिसर स्थित सुश्रुत छात्रावास में रहता था।

पुलिस ने बताया कि बार-बार फोन करने के बावजूद ऋत्विक की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उसके साथियों ने रविवार रात छात्रावास प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस जब कमरे में पहुंची और दरवाजा खोला, तो ऋत्विक फर्श पर पड़ा मिला तथा उसके हाथ में एक आईवी ड्रिप लगी हुई थी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि मौत एनेस्थीसिया की दवा की अधिक मात्रा के सेवन के कारण हुई होगी। हालांकि, सटीक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।’’

पुलिस ने बताया कि कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘जांच के तहत नोट में लिखावट का सत्यापन कराया जाएगा और अन्य साक्ष्यों के साथ उसकी भी पड़ताल की जाएगी।’’

पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र