शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु नर्सों से मारपीट, दो आरोपी हिरासत में
शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु नर्सों से मारपीट, दो आरोपी हिरासत में
शाहजहांपुर (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) शाहजहांपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में एक महिला मरीज के परिजनों ने एक नर्स पर वीडियो बनाने का संदेह जताते हुए यहां प्रशिक्षु नर्सों से कथित तौर पर मारपीट की और तोड़फोड़ की जिससे करीब चार घंटे तक डायलिसिस सेवाएं बाधित रहीं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
नगर क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि प्रशिक्षु छात्राओं से मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंची।
उन्होंने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘‘पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मेडिकल कॉलेज में तोड़फोड़ में कथित तौर पर शामिल विजय प्रताप सिंह और उसके बेटे अभय प्रताप सिंह को हिरासत में ले लिया। अन्य हमलावर फरार हो गए।’’
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य राजेश कुमार ने पीड़िता की शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि प्रशिक्षु नर्सें डायलिसिस इकाई में ड्यूटी पर थीं, तभी एक महिला मरीज को संदेह हुआ कि उनमें से एक ने उसका वीडियो बनाया है।
कुमार ने कहा, ‘‘जैसे ही प्रशिक्षु नर्स बाहर निकली, मरीज के पिता ने उसे थप्पड़ मार दिया और अपने साथियों को बुला लिया।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि उन लोगों ने प्रशिक्षु नर्सों से मारपीट की, उनके बाल पकड़कर उन्हें घसीटा और उनमें से एक को जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमले के दौरान एक प्रशिक्षु नर्स को अनुचित तरीके से छुआ गया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द सिम्मी
सिम्मी

Facebook


