हमीरपुर में नकली नोटों का गिरोह संचालित करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
हमीरपुर में नकली नोटों का गिरोह संचालित करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 18 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की पुलिस ने जाली मुद्रा के एक गिरोह में शामिल रहने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तारियां लोहरदा बाईपास के 74 वर्षीय एक दुकानदार की शिकायत के बाद की गई हैं, जिनके साथ नौ अप्रैल, 2026 को धोखाधड़ी की गई थी। अपराधियों ने “मुद्रा विनिमय” की चाल का इस्तेमाल किया, जिसमें उन्होंने असली 500 रुपये के नोटों के बदले नकली 200 रुपये के नोट सौंप दिए।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी, ‘इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम’ (आईटीएमएस) और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान की।
पुलिस ने शुक्रवार को बिलासपुर के बेहनजाता के पास संदिग्धों को उस समय रोका जब वे एक वाहन में यात्रा कर रहे थे और तलाशी के दौरान उनके पास से 500 रुपये के 16 जाली नोट और 200 रुपये के 33 जाली नोट बरामद किए।
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में घूम रहे थे और छोटे व्यवसायियों और बुजुर्ग नागरिकों को निशाना बना रहे थे।
भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान उजागर नहीं की है, क्योंकि मामले की आगे और पीछे की कड़ियों की जांच की जा रही है।
भाषा प्रशांत रंजन
रंजन

Facebook


