भदोही (उप्र), 16 मई (भाषा) भदोही जिले में कृत्रिम मेधा (एआई) की मदद से एक युवती की अश्लील तस्वीरें बनाकर उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में साइबर कैफे संचालक और उसके सगे भाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, औराई थाना क्षेत्र के घोसिया निवासी साइबर कैफे संचालक तालिब और उसके भाई रफीक पर एआई की मदद से युवती की अश्लील तस्वीरें तैयार कर उससे 50 हजार रुपये वसूलने और ब्लैकमेल करने का आरोप है।
पुलिस ने शुक्रवार को दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) (जबरन वसूली) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र की 25 वर्षीय युवती ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर अपनी तस्वीरें अपलोड की थीं।
अधिकारी के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया कि तालिब ने इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती की और उससे बातचीत शुरू कर दी।
शिकायत में कहा गया कि बाद में आरोपी ने एआई की मदद से युवती की अश्लील तस्वीरें बनाकर उसे भेजीं और 50 हजार रुपये नहीं देने पर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि डर के कारण युवती ने ज्ञानपुर में आरोपी को 50 हजार रुपये दे दिए।
एसपी ने बताया कि आठ फरवरी 2025 को युवती की शादी वाराणसी में हुई थी जिसके बाद अप्रैल में आरोपी ने युवती के पति के मोबाइल फोन पर अश्लील तस्वीरें भेज दीं।
उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी ने और रुपये की मांग करते हुए ‘चैट’ को सार्वजनिक कर रिश्ता तुड़वाने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि 13 मई को युवती के पिता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत दी थी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों के घर दबिश दी, लेकिन तालिब और रफीक फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों ने इसी तरीके से कई युवतियों को ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की ठगी की है।
भाषा सं आनन्द अमित खारी
खारी