बांदा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो चचेरे भाई गिरफ्तार
बांदा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो चचेरे भाई गिरफ्तार
बांदा (उप्र), 30 सितंबर (भाषा) बांदा जिले में 15 वर्षीय एक लड़की को गणेश पंडाल से अगवा कर उससे सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने दो चचेरे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण कुमार ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के अजयगढ़ क्षेत्र के निवासी रामहित कुशवाहा (24) और सज्जन (22) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि घटना 24 सितंबर की रात नरैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में उस समय हुई जब लड़की अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित गणेश पंडाल में आरती में शामिल होने गई थी।
कुमार के अनुसार, दोनों आरोपी किशोरी के परिचित थे और उसे घर छोड़ने के बहाने मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गये थे।
सीओ ने बताया कि दोनों किशोरी को सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद मामला स्थानीय स्तर पर पंचायत में उठाया गया और करीब चार दिन तक पंचायत के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पंचायत में मामले का निपटारा नहीं होने पर पीड़िता के पिता ने 28 सितंबर को नरैनी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने किशोरी की चिकित्सीय जांच कराई और अदालत में उसका बयान दर्ज कराया।
कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और बुधवार को दोनों को मध्य प्रदेश के अजयगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक

Facebook


