शादी के दो दिन बाद आभूषण लेकर नवविवाहिता फरार, पुजारी समेत कई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

शादी के दो दिन बाद आभूषण लेकर नवविवाहिता फरार, पुजारी समेत कई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

शादी के दो दिन बाद आभूषण लेकर नवविवाहिता फरार, पुजारी समेत कई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: August 17, 2026 / 10:38 pm IST
Published Date: August 17, 2026 10:38 pm IST

हापुड़ (उप्र), 17 अगस्त (भाषा) हापुड़ जिले में एक नवविवाहिता शादी के दो दिन बाद कथित तौर पर आभूषण लेकर घर से फरार हो गई जिसके बाद उसके पति ने महिला, एक पुजारी और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना सिंभावली थाना क्षेत्र के लिसड़ी-भगवतीपुर गांव की है। महिला के देर रात घर से फरार होने का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।

महिला के पति विनोद कुमार की शिकायत के अनुसार, हल्द्वानी के पुजारी राकेश शास्त्री ने करीब तीन महीने पहले उनसे संपर्क किया था और शादी का प्रस्ताव रखा था।

कुमार ने कहा, ‘‘पुजारी ने बताया था कि महिला गरीब परिवार से है और उसका विवाह मंदिर में कराया जाएगा।’’

पुलिस ने विनोद के हवाले से बताया कि वह 14 अगस्त को अपने परिवार के साथ रामपुर स्थित शिव मंदिर गए थे, जहां पुजारी ने सीमा नाम की महिला के साथ उनका विवाह कराया।

उसने कहा, ‘‘विवाह के बाद विनोद के परिवार ने दुल्हन की मां को एक लाख रुपये और पुजारी को दक्षिणा के तौर पर 2,100 रुपये दिए। सीमा को घर लाने के बाद सोने का मंगलसूत्र, चांदी का हार, बालियां और पायल दी गई थी।’’

पुलिस ने कहा कि 15 अगस्त की रात सीमा सभी आभूषण लेकर घर से चली गई। अगली सुबह परिवार के सदस्यों को उसके घर में नहीं होने का पता चला। उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि विनोद की शिकायत के आधार पर पुजारी राकेश शास्त्री, सीमा और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा सं जफर खारी

खारी


लेखक के बारे में