शादी का दबाव बनाने पर नर्स की हत्या के मामले में ओटी टेक्नीशियन समेत दो गिरफ्तार

शादी का दबाव बनाने पर नर्स की हत्या के मामले में ओटी टेक्नीशियन समेत दो गिरफ्तार

शादी का दबाव बनाने पर नर्स की हत्या के मामले में ओटी टेक्नीशियन समेत दो गिरफ्तार
Modified Date: July 20, 2026 / 12:10 am IST
Published Date: July 20, 2026 12:10 am IST

मेरठ (उप्र), 19 जुलाई (भाषा) मेरठ के हापुड़ रोड स्थित एमसीसी अस्पताल में 26 वर्षीय नर्स नेहा रानी की हत्या के मामले में पुलिस ने अस्पताल के टेक्नीशियन समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार खरखौदा थाना क्षेत्र के फफूंडा गांव की रहने वाली और एमसीसी अस्पताल में नर्स नेहा रानी का शव पिछले शनिवार को अस्पताल की एक कमरे से बरामद हुआ था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद किया था।

सूत्रों ने बताया कि मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में ऑपरेशन थिएटर के टेक्नीशियन सुरेश चंद और उसके साथी फरहान को नेहा के साथ कमरे में जाते तथा कुछ देर बाद बाहर निकलते देखा गया। इसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया

उन्होंने बताया कि पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सुरेश और नेहा के बीच पिछले सात माह से प्रेम संबंध थे जबकि सुरेश पहले से विवाहित है और उसका पांच वर्षीय बेटा है।

सूत्रों ने बताया कि नेहा द्वारा शादी का दबाव बनाए जाने के बाद सुरेश ने फरहान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इसके बाद नेहा को ड्रिप के जरिए जहरीला रासायनिक पदार्थ दिया गया और बेहोश होने के बाद उसे सल्फास खिलाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।

पुलिस का यह भी दावा है कि आरोपी ने कथित सुसाइड नोट स्वयं लिखकर मृतका के कपड़ों में रख दिया।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सिरिंज, ड्रिप, जहरीला रासायनिक पदार्थ, नोट पैड और मृतका का मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

भाषा सं सलीम संतोष

संतोष


लेखक के बारे में