उप्र: प्रशिक्षु नर्सों से पिटाई के मामले में पिता-पुत्र समेत 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
उप्र: प्रशिक्षु नर्सों से पिटाई के मामले में पिता-पुत्र समेत 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
शाहजहांपुर (उप्र), 20 जुलाई (भाषा) शाहजहांपुर जिले के राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु नर्सों के साथ मरीज के परिजनों और उनके बुलाए लोगों द्वारा कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र समेत 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को एक प्रशिक्षु नर्स और डायलिसिस करा रही महिला के परिजनों के बीच विवाद हो गया था। पहले पीड़ित पक्ष की शिकायत मिली, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने भी शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के बाद पुलिस अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर रविवार देर रात प्राथमिकी दर्ज की गई।
दीक्षित ने प्राथमिकी के हवाले से ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक महिला की डायलिसिस की जा रही थी। इसी दौरान परिजनों को लगा कि प्रशिक्षु नर्स उसका वीडियो बना रही है। आरोप हे कि मरीज के परिजनों ने प्रशिक्षु नर्स को बाल पकड़कर पीटा और उसके साथ अन्य नर्स को भी पीटा।
उन्होंने बताया कि इसके बाद मरीज के परिजनों ने कुछ अन्य लोगों को बुला लिया। आरोप है कि मौके पर पहुंचे लोगों ने डायलिसिस यूनिट में तोड़फोड़ की, नर्सों से मारपीट की और एक नर्स को जबरन कार में बैठाकर ले जाने का भी प्रयास किया।
दीक्षित ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
इस बीच पीड़ित नर्सों ने रविवार शाम को नगर निगम की महापौर अर्चना वर्मा से मुलाकात की। उन्होंने महापौर को बताया कि उनकी जान को खतरा है और उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।
पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि

Facebook


