जालौन (उप्र) 16 मई (भाषा) जालौन जिले में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे कोतवाली क्षेत्र में जालौन-औरैया रोड पर कन्हैयाल अग्रवाल मेमोरियल स्कूल के पास की है जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर गहरे गड्ढे में गिरकर पलट गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने मुजफ्फरनगर निवासी शोएब (28) और गाजियाबाद निवासी इस्माइल शेख (26) को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुजफ्फरनगर निवासी आरिफ (30) और बिहार के औरंगाबाद निवासी इरशाद (29) गंभीर रूप से घायल हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और हादसे के कारणों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी