अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
लखनऊ, तीन सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार को अयोध्या से एक अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया और एक किलोग्राम से अधिक पैंगोलिन की खाल बरामद की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, आरोपियों की पहचान बिहार के हाजीपुर निवासी शक्ति कुमार और अयोध्या जिले के निवासी राकेश के रूप में हुई है।
एसटीएफ और वन विभाग के संयुक्त अभियान के तहत अयोध्या के नाका क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस से बुधवार दोपहर करीब सवा एक बजे ये गिरफ्तारियां की गईं।
टीम ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अनुसूची-एक में संरक्षित प्रजाति पैंगोलिन की 1.35 किलोग्राम खाल, दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और 2,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
एसटीएफ के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘वन्यजीव तस्करी के एक सक्रिय तंत्र की खुफिया जानकारी के आधार पर हमारी टीम ने दो लोगों को पैंगोलिन की खाल बेचने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया।’’
अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिहार, राजस्थान और मध्यप्रदेश में तस्करों को वन्यजीव उत्पाद मुहैया कराने वाले एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जब्त की गई खाल मध्यप्रदेश के एक व्यक्ति से खरीदी गई थी और वे इसे अयोध्या में बंटी नामक एक खरीदार को सौंपने जा रहे थे।
तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा जफर खारी
खारी

Facebook


