हापुड़, 17 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र में मसूरी-धौलाना मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक नाबालिग समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, डासना के मयूर विहार निवासी शाहबाज (18) और जैद (14) बृहस्पतिवार रात मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल पिपलैड़ा गांव स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिल सवार सड़क पर काफी दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पिलखुवा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मुनीश चंद्र ने बताया कि देर रात डायल-112 के माध्यम से धौलाना पुलिस को मसूरी-धौलाना मार्ग पर ग्राम पिपलैड़ा के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना धौलाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत