बांदा (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) बांदा जिले की पुलिस ने शुक्रवार को स्वयं को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ), उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और खनिज अधिकारी बताकर वाहन चालकों से अवैध वसूली करने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बांदा की अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मेविस टाक ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को मवई बाईपास के निकट फर्जी आरटीओ, एसडीएम और खनिज अधिकारी बनकर वाहन चालकों से अवैध वसूली करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश कर चार युवकों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से वसूली के दौरान इस्तेमाल की गई एक कार, लैपटॉप, मोबाइल फोन, कुछ फर्जी सरकारी दस्तावेज और 5,400 रुपये बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के रीवा निवासी सौरभ तथा चित्रकूट जिले के निवासी कमल, राजकुमार और संतोष कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आसपास के जिलों में फर्जी आरटीओ, एसडीएम और खनिज अधिकारी बनकर बालू ढोने वाले वाहनों के चालकों को चालान काटने की धमकी देकर अवैध वसूली करते थे।
भाषा सं आनन्द सिम्मी
सिम्मी