कासगंज में दो बसों की भिड़ंत में राजस्थान के दो श्रद्धालुओं की मौत

Ads

कासगंज में दो बसों की भिड़ंत में राजस्थान के दो श्रद्धालुओं की मौत

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 04:15 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 04:15 PM IST

कासगंज (उप्र), 13 जून (भाषा) कासगंज जनपद में मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार तड़के दो बसों की भिड़ंत में राजस्थान के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 36 अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक ओ पी सिंह के अनुसार सोरों कोतवाली क्षेत्र में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने राजस्थान के भरतपुर डिपो की एक बस और उत्तर प्रदेश के एटा डिपो की रोडवेज बस आमने-सामने टकरा गईं।

उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना थाना क्षेत्र के फरसो गांव के गिरिराज (80) तथा सेवा कुरवारियां गांव के प्रीतम (65) मौके पर ही मौत हो गई।

सिंह के अनुसार हादसे में हताहत हुए लोग अधिकांश यात्री गंगा स्नान के लिए सोरों शूकरक्षेत्र आ रहे थे।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने घायलों को बसों से बाहर निकाला तथा उन्हें सोरों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।

सिंह के मुताबिक बाद में सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है।

जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों को सभी घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भरतपुर डिपो की बस के चालक को झपकी आ गयी, फलस्वरूप यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। दुर्घटना के कारण राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।

भाषा सं जफर राजकुमार

राजकुमार