अमेठी में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
अमेठी में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
अमेठी (उप्र), छह अप्रैल (भाषा) अमेठी जिले में अमेठी-दुर्गापुर रोड स्थित बाईपास ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान कोरारी गिरधर शाह क्षेत्र के शुद्ध रोशनी गांव निवासी अनिकेत सिंह (20) और सुजल सिंह (17) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक रविवार देर रात मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान अमेठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओवरब्रिज के पास वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को तुरंत नहीं दी गई, क्योंकि परिजन पहले घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए थे। उन्होंने कहा, “सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को दोनों की मौत की जानकारी मिली। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।”
उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना के सटीक कारण और इसमें शामिल वाहन का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह के अनुसार, युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गौरीगंज के जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
भाषा सं. जफर मनीषा
मनीषा

Facebook


