मथुरा (उप्र), 19 अप्रैल (भाषा) मथुरा जिले में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक-दूसरे से शर्त लगाकर मोटरसाइकिल के जरिये रेस कर रहे दो दोस्तों की मृत्यु हो गई, जबकि मोटरसाइकिलों पर सवार उनके तीन अन्य दोस्तों को गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
रिफाइनरी क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनिल कपरवान ने बताया कि शुक्रवार रात करीब ढाई बजे आगरा के सैंया निवासी टैक्सी चालक घनश्याम ने सूचना दी कि आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैपुरा जाट गांव के फ्लाईओवर पर पांच युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हुए हैं। कुछ दूरी पर उनकी दो मोटरसाइकिल चकनाचूर हालत में दिखीं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित तेड़ेश्वर महादेव कॉलोनी के निवासी शिवम (19) को मृत पाया। पुलिस ने सभी घायलों को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया।
लेकिन मथुरा के राया थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज निवासी राशिद (22) ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उनके तीन मित्रों इशराक (मथुरा निवासी), अमन और बिलाल (आगरा निवासी) का इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
भाषा सं आनन्द
संतोष
संतोष