मैनपुरी में तेज रफ्तार कार की टक्कर से चाचा-भतीजी की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
मैनपुरी में तेज रफ्तार कार की टक्कर से चाचा-भतीजी की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
मैनपुरी (उप्र), 26 जून (भाषा) मैनपुरी जिले के किशनी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक किशोरी भी शामिल है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम भीतरा गांव निवासी स्वदेश पाल (50) अपनी भतीजी लवली पाल (16) के साथ मोटरसाइकिल से एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि हरिचंदपुर गांव के पास मोड़ पर एक तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और उसने बाइक सवार स्वदेश-लवली के साथ साइकिल सवार कुरावली निवासी दिवारी लाल (40) और आनन्द (30) को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सड़क पर लुढ़कते हुए खाई में पलट गई। सिंह के अनुसार टक्कर लगने से बाइक और साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस के अनुसार हादसे में स्वदेश पाल, लवली पाल, गणेशपुर निवासी कार चालक विनोद, हरिचंदपुर निवासी दिवारी लाल और कुरावली निवासी आनन्द गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना पर वह पुलिस बल और पुलिस निरीक्षक छत्रपाल सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) किशनी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वदेश पाल और लवली पाल को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक इलाज के बाद दिवारी लाल, विनोद और आनन्द को गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
छत्रपाल सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द वैभव
वैभव

Facebook


