भाजपा सरकार में परियोजनाएं पूरी होने से पहले ही टूटने लगती हैं : अखिलेश

भाजपा सरकार में परियोजनाएं पूरी होने से पहले ही टूटने लगती हैं : अखिलेश

भाजपा सरकार में परियोजनाएं पूरी होने से पहले ही टूटने लगती हैं : अखिलेश
Modified Date: September 17, 2026 / 03:26 pm IST
Published Date: September 17, 2026 3:26 pm IST

लखनऊ, 17 सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को भाजपा सरकार पर उसके कार्यकाल में बने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर निशाना साधा और कहा कि मौजूदा सरकार में किसी परियोजना का निर्माण बाद में पूरा होता है, लेकिन वह पहले ही टूटने-फूटने लगता है।

सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था, लेकिन उद्घाटन के बाद ही सड़क टूटने लगी और वहां रखरखाव एवं निर्माण कार्य अब भी जारी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता आवश्यक मानकों के अनुरूप नहीं थी।

यादव ने पूर्वांचल और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की स्थिति खराब है और तेज रफ्तार से वाहन चलाने पर लोगों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे को लेकर उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है और यह छह-लेन के बजाय चार-लेन का है।

उन्होंने दावा किया कि हाल में एक आरसीसी पुल से कंक्रीट गिरने के बाद उसकी सरिया दिखाई देने लगी और सवाल उठाया कि कहीं सीमेंट, रेत या निर्माण कार्य में गड़बड़ी तो नहीं हुई।

गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर यादव ने आरोप लगाया कि बारिश के बाद कई हिस्सों में पानी भर गया और क्षतिग्रस्त हिस्सों का दोबारा निर्माण करना पड़ा। उन्होंने तंज किया, “बारिश के बाद यह एक्सप्रेसवे नहीं, बल्कि ‘वॉटर एक्सप्रेसवे’ बन गया था।”

यादव ने भाजपा सरकार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मुनाफा बढ़ाने के लिए सरकारी संपत्तियां बेची जा रही हैं और इसका लाभ कुछ खास लोगों तक पहुंचाने की कोशिश हो रही है।

रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार ने हर महीने एक लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन उनके अनुसार जुलाई और अगस्त में “शून्य” नौकरियां दी गईं और सितंबर में भी कोई भर्ती नहीं होगी। उन्होंने आईटीआई छात्रों और युवाओं को भरोसा दिलाया कि सपा सरकार नौकरियों और रोजगार के रास्ते खोलेगी।

यादव ने राज्य में पौधरोपण के आंकड़ों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि अब तक करीब 200 करोड़ पेड़ लगाए जा चुके हैं। इसके मुकाबले उन्होंने सपा सरकार के दौरान विधानसभा में पेश आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 1,000 एकड़ जमीन पर करीब 1.34 लाख पेड़ लगाए गए थे।

उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार के अनुसार करीब 200 करोड़ पेड़ लगाए गए हैं तो इसके लिए कितनी जमीन की जरूरत पड़ी होगी और वह जमीन कहां है।

भाषा चंदन जफर

मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में