गोरखपुर में घर के बरामदे में सो रहे बीएससी छात्र की चाकू मारकर हत्या

गोरखपुर में घर के बरामदे में सो रहे बीएससी छात्र की चाकू मारकर हत्या

गोरखपुर में घर के बरामदे में सो रहे बीएससी छात्र की चाकू मारकर हत्या
Modified Date: September 17, 2026 / 02:25 pm IST
Published Date: September 17, 2026 2:25 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 17 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बंसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में बृहस्पतिवार तड़के घर के बाहर बरामदे में सो रहे 19 वर्षीय बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र की कथित तौर पर चाकू गोद कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शुभम मिश्रा के रूप में हुई है। घटना के समय वह घर पर अकेला था, क्योंकि उसके परिवार के सदस्य उसके पिता के किडनी उपचार के लिए लखनऊ गए हुए थे।

जयंतीपुर गांव निवासी शुभम तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उसके पिता स्वदेश मिश्रा किसान हैं और पिछले चार-पांच वर्षों से किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। वे हाल ही में इलाज के लिए लखनऊ गए थे और किडनी प्रत्यारोपण की संभावना भी तलाश रहे थे।

पुलिस ने बताया कि शुभम ने बुधवार रात भोजन करने के बाद घर के बाहर बरामदे में सोने चला गया था। उन्होंने बताया कि सुबह करीब पांच बजे एक अज्ञात हमलावर ने कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला कर दिया।

बाद में ग्रामीणों ने शुभम को घायल अवस्था में पड़ा देखा और उसे पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर खजनी के पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और हमलावर की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा सं जफर रंजन

रंजन


लेखक के बारे में