लखनऊ, 23 मई (भाषा) केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने शनिवार को 19वें रोजगार मेले के तहत यहां 312 युवाओं को विभिन्न सरकारी सेवाओं में नियुक्ति पत्र वितरित किए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसी क्रम में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने 312 युवाओं को सरकारी सेवा के नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें से 198 उम्मीदवार भारतीय रेलवे में नियुक्त हुए हैं।
वर्मा ने नव नियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां न केवल युवाओं का भविष्य संवारेंगी, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
बयान के अनुसार 19वां रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया गया। इसमें चयनित उम्मीदवार रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
बयान में कहा गया है कि रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता के अनुरूप रोजगार मेला इस दृष्टिकोण को साकार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
रोजगार मेला शुरू होने के बाद से अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से देशभर में लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
भाषा
आनन्द रवि कांत