उत्तर प्रदेश सरकार ने जनसहभागिता से एक दिन में 35.27 करोड़ से अधिक पौधे लगाए्र

Ads

उत्तर प्रदेश सरकार ने जनसहभागिता से एक दिन में 35.27 करोड़ से अधिक पौधे लगाए्र

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 09:48 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 09:48 PM IST

लखनऊ, 12 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य ने रविवार को जनसहभागिता के माध्यम से एक दिन में 35.27 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में पूरे प्रदेश में शाम 6:12 बजे तक एक दिन में 35,27,89,926 पौधे लगाए गए, जो सरकार की ओर से निर्धारित लक्ष्य 35,27,89,000 से अधिक है।

बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ आह्वान के तहत रविवार को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसका नेतृत्व मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में लिंक एक्सप्रेसवे पर त्रिवेणी (नीम, पीपल, बरगद) के पौधे लगाकर किया।

इसमें कहा गया है कि योगी ने आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड के किनारे मौलिश्री का पौधा भी लगाया। इस मौके पर राज्य के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद और वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद थे।

बयान में कहा गया है कि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जनभवन में सफेद चंदन का पौधा लगाया, जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी और ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण किया।

इसमें कहा गया है कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने शाहजहांपुर, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जालौन, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने देवरिया, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मुरादाबाद और वन राज्यमंत्री केपी मलिक ने बागपत में पौधे लगाए।

भाषा

आनन्द

पारुल

पारुल