उप्र:हरदोई में जल निगम के सेंट्रल स्टोर में सरकारी रिकॉर्ड जलते हुए पाए जाने के बाद मामला दर्ज

Ads

उप्र:हरदोई में जल निगम के सेंट्रल स्टोर में सरकारी रिकॉर्ड जलते हुए पाए जाने के बाद मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 10:20 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 10:20 PM IST

हरदोई (उप्र), चार जून (भाषा) हरदोई जिले में उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के सेंट्रल स्टोर में कथित तौर पर सरकारी रिकॉर्ड और अन्य सामग्री जलते हुए पाए जाने के बाद एक कार्यकारी अभियंता सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को जानकारी दी ।

अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला बुधवार सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड स्थित जल निगम के सेंट्रल स्टोर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान सामने आया। निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने कथित तौर पर पाया कि गोदाम के अंदर आग से बड़ी मात्रा में सरकारी दस्तावेज और अन्य सामग्रियां जल रही थीं।

अधिकारियों ने कहा कि जब आग जल रही थी तो स्टोर परिसर को अंदर और बाहर दोनों तरफ से बंद कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए चौकीदार मेवा राम ने ताला खोला, लेकिन बाद में वह मौके से भाग गया।

ऑपरेशन के दौरान दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया , जिनकी पहचान ऋतुराज त्रिपाठी और विपिन मिश्रा के रूप में हुई। दोनों से पूछताछ की गई।

क्षेत्रीय राजस्व अधिकारी (लेखपाल) वीरेश कुमार की शिकायत पर, कार्यवाहक कार्यकारी अभियंता नवनीत सिंह, कार्यवाहक सहायक अभियंता अमित कुमार सिंह, चौकीदार मेवा राम, कार्यवाहक सालिक राम और निजी व्यक्तियों ऋतुराज त्रिपाठी और विपिन मिश्रा के खिलाफ कोतवाली सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस ने कहा कि मामला सरकारी रिकॉर्ड को नष्ट करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आपराधिक साजिश से संबंधित प्रासंगिक प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया है तथा उसकी जांच की जा रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अंकित मिश्रा ने बताया कि पुलिस को तीन जून की सुबह करीब आठ बजे सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश जल निगम के सेंट्रल स्टोर में महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री जलाई जा रही है।

सूचना के बाद, जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिसर में छापेमारी की और मौके पर चौकीदार सहित कुछ लोग पाए गए।

उन्होंने बताया कि लेखपाल वीरेश कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है ।

भाषा सं जफर राजकुमार

राजकुमार