उप्र : विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट, अवर अभियंता का हाथ टूटा; मुकदमा दर्ज
उप्र : विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट, अवर अभियंता का हाथ टूटा; मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद (उप्र), आठ सितंबर (भाषा) जिले के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बिजली चोरी की जांच करने गई विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जांच के दौरान बिजली चोरी पकड़े जाने पर गृहस्वामी और उसके पुत्र ने अवर अभियंता के साथ हाथापाई की जिससे उनका एक हाथ टूट गया।
पुलिस के मुताबिक अवर अभियंता मुख्तार हुसैन और उपखंड अधिकारी अजय कुमार की टीम सोमवार दोपहर करीब दो बजे लोको रोड स्थित बरसाती गैराज के सामने सुभाष अहिरवार के घर विद्युत संबंधी जांच करने पहुंची थी। जांच के दौरान टीम ने कथित रूप से बिजली चोरी पकड़ ली।
इसके बाद कर्मचारी चोरी से संबंधित साक्ष्य संकलित कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सुभाष अहिरवार और उनके पुत्र रजत कुमार ने अवर अभियंता मुख्तार हुसैन के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उन्हें लात-घूंसों से पीटा।
पुलिस के मुताबिक मारपीट में अवर अभियंता गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके हाथ की हड्डी टूट गयी।
घायल अवर अभियंता ने आरोपियों के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने उनका लोहिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया और देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया।
फतेहगढ़ कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि घायल अवर अभियंता का मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
भाषा सं जफर मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


