उप्र: शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा
उप्र: शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा
लखनऊ, 31 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के 72 जिलों में 1011 परीक्षा केन्द्रों पर संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।
राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी झांसी स्थित बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय को सौंपी गई थी और दो पालियों में हुई इस परीक्षा में पंजीकृत 4,44,958 अभ्यर्थियों में से लगभग 90 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश में पारदर्शी, नकलविहीन और तकनीक आधारित परीक्षा प्रणाली का मॉडल बनकर उभरा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 72 जिलों में स्थापित 1011 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा पूरी शुचिता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
उपाध्याय ने बताया कि प्रथम पाली में सामान्य ज्ञान एवं भाषा विषय की परीक्षा तथा द्वितीय पाली में अभिरुचि परीक्षण एवं विषय योग्यता की परीक्षा आयोजित की गई।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की निगरानी के लिए बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र स्थापित किया गया, जहां से प्रदेश के सभी परीक्षा केन्द्रों की निगरानी की गयी।
उपाध्याय ने कहा कि इस वर्ष पहली बार परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता को और मजबूत बनाने के लिए विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों को जीपीएस आधारित ‘बॉडी वॉर्न’ कैमरे उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने बताया कि इन कैमरों के माध्यम से प्रतिनिधियों की लाइव लोकेशन, परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण तथा गोपनीय सामग्री से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी नियंत्रण कक्ष से की गई।
भाषा सलीम जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


