उप्र : पंचायत में दलित महिला की पिटाई, दो लोगों पर मुकदमा

Ads

उप्र : पंचायत में दलित महिला की पिटाई, दो लोगों पर मुकदमा

  •  
  • Publish Date - August 31, 2022 / 10:58 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:58 PM IST

गोंडा (उत्तर प्रदेश), 31 अगस्त (भाषा) गोंडा जिले में एक पंचायत के दौरान ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि द्वारा एक दलित महिला व उसके नाबालिग बच्चे के साथ कथित रूप से मारपीट किए जाने के मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कल्लापुर सरायहर्रा गांव के निवासी दलित व्यक्ति हनुमान की बेटी ने पिछली 16 अगस्त को गांव के ही स्वजातीय युवक विनेश कुमार से दोनों परिवारों की सहमति से कोर्ट मैरिज की थी। हालांकि लड़की की दादी इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थी।

उन्होंने बताया कि इसी बात को लेकर गांव के प्रधान प्रतिनिधि संतोष यादव और उसके साथी संत कुमार यादव ने गत 28 अगस्त को ग्राम सभा में पंचायत बुलाई और हनुमान की पत्नी जय श्री को सार्वजनिक रूप से कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपशब्द कहे और मारपीट की। साथ ही महिला के नाबालिग पुत्र शिव की भी पिटाई की और महिला के घर में ताला लगवा दिया।

तोमर ने बताया कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया।

उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर नवाबगंज थाने में मंगलवार की शाम को संतोष और संत कुमार के खिलाफ भारतीय दंड विधान और अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला को उसके घर का ताला खुलवा कर वहां भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक को पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।

भाषा सं सलीम मनीषा

मनीषा