उप्र के प्रतिनिधिमंडल ने की प्रमुख जर्मन-इजराइली कंपनी के साथ बैठक
उप्र के प्रतिनिधिमंडल ने की प्रमुख जर्मन-इजराइली कंपनी के साथ बैठक
लखनऊ, 24 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक मंत्री सुनील कुमार शर्मा की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को प्रमुख जर्मन-इजराइली कंपनी क्वांटम सिस्टम्स जीएमबीएच के साथ बैठक की।
राज्य सरकार द्वारा यहां जारी एक बयान के मुताबिक ड्रोन आधारित प्रौद्योगिकी में विशेषज्ञ यह कंपनी एक दशक से ज्यादा समय से भारत में है।
बयान के मुताबिक उपमुख्यमंत्री और सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक मंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख संवाहक बनकर उभरा है।
उन्होंने क्वांटम सिस्टम्स को राज्य में ड्रोन विनिर्माण एवं अनुसंधान तथा विकास का केंद्र बनाने के लिए आमंत्रित किया ताकि उत्तर प्रदेश को उसकी प्रगतिशील औद्योगिक तंत्र और कार्य कुशल श्रम शक्ति का लाभ मिल सके।
बयान के मुताबिक दोनों पक्षों ने भारत के एयरोस्पेस और मानव रहित सिस्टम इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास, क्षमता विकास और प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान में लंबे समय के सहयोग पर चर्चा की।
भाषा
सलीम रवि कांत

Facebook


