उप्र : घर में सोते समय बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या

Ads

उप्र : घर में सोते समय बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 01:33 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 01:33 PM IST

हमीरपुर (उप्र), 11 सितंबर (भाषा) हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक बुजुर्ग की उनके घर पर सोते समय कथित रूप से धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहूनी गांव निवासी ठाकुर दास अहिरवार (68) के तौर पर हुई है। परिवार के अनुसार, बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे यह घटना हुई, तब घर के सभी सदस्य सो रहे थे। देर रात करीब तीन बजे, बुजुर्ग की पोती अपना मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए कमरे में गई तो उसने ठाकुर दास को चारपाई पर खून से लथपथ हालत में पाया। उसने परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया।

राठ के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड व फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए। उन्होंने कहा, ‘हत्या में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं।’

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा सं आनन्द मनीषा वैभव

वैभव